एअर इंडिया ने अपने नेतृत्व में बड़ा बदलाव करते हुए टेवोल्डे गेबरमारियम को कंपनी का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक (एमडी) नियुक्त किया है। उन्होंने कैंपबेल विल्सन की जगह ली है, जिन्होंने इसी वर्ष अप्रैल में अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। कंपनी की ओर से जारी बयान के अनुसार, निदेशक मंडल ने एक विशेष समिति की निगरानी में वैश्विक स्तर पर नए सीईओ की तलाश की थी। इस प्रक्रिया में कई अनुभवी उम्मीदवारों का मूल्यांकन किया गया, जिसके बाद सर्वसम्मति से टेवोल्डे गेबरमारियम के नाम पर सहमति बनी। टेवोल्डे गेबरमारियम को विमानन क्षेत्र के सबसे अनुभवी और सफल अधिकारियों में गिना जाता है। उन्होंने एक दशक से अधिक समय तक इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप का नेतृत्व किया है। उनके कार्यकाल के दौरान कंपनी ने उल्लेखनीय प्रगति की और अफ्रीका की सबसे बड़ी एवं सबसे लाभदायक एयरलाइन कंपनियों में अपनी जगह बनाई। एअर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि कंपनी अब पुनर्गठन के शुरुआती चरण से आगे बढ़कर विस्तार और विकास के नए दौर में प्रवेश कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि टेवोल्डे का अनुभव एअर इंडिया को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा। कंपनी के अनुसार, टेवोल्डे गेबरमारियम को विमान संचालन, संगठनात्मक बदलाव, वैश्विक हब के विकास, रखरखाव सेवाओं और विमानन प्रशिक्षण के क्षेत्र में व्यापक अनुभव हासिल है। ऐसे में उनके नेतृत्व में एअर इंडिया अपनी विकास रणनीति को और अधिक मजबूती दे सकेगी। अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए टेवोल्डे गेबरमारियम ने कहा कि एअर इंडिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थान का नेतृत्व करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि वह कंपनी की परिचालन क्षमता, सेवा गुणवत्ता और दीर्घकालिक विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।