देश
'यूट्यूबर्स जबरन घर में घुस आए', CJP प्रवक्ता सौरव दास ने लगाए गंभीर आरोप
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरव दास ने कुछ यूट्यूबर्स और मीडिया कर्मियों पर उनके घर में जबरन घुसने और वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने इसे अपने परिवार की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बताया है।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरव दास ने अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उनका आरोप है कि कुछ यूट्यूबर्स और मीडिया कर्मियों ने उनके घर में जबरन प्रवेश किया और वहां से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिए।
सौरव दास ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा कि इस तरह की घटनाएं न केवल उनकी निजता का उल्लंघन करती हैं, बल्कि उनके परिवार की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करती हैं। उन्होंने कहा कि यदि इन वीडियो के कारण कोई असामाजिक तत्व उनके घर पर हमला करता है, तो इसके लिए संबंधित यूट्यूबर्स और उनके समर्थक जिम्मेदार होंगे।
दास के अनुसार, सुबह के समय लगभग 15 से 20 लोग उनके घर के बाहर पहुंच गए थे, जबकि कुछ लोग रात से ही वहां मौजूद थे। उनका कहना है कि इन गतिविधियों के कारण उनके परिवार के सदस्यों के मन में डर का माहौल बन गया है।
उन्होंने कुछ वीडियो के लिंक भी साझा किए, जिनमें कुछ लोग उनके निजी जीवन, संपत्ति और जंतर-मंतर पर आयोजित छात्र आंदोलन में उनकी भूमिका पर चर्चा करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिस समय यह घटना हुई, उस दौरान सौरव दास महाराष्ट्र में पार्टी की बैठक में शामिल होने गए थे।
इस मामले पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने कहा कि वह इस मुद्दे को राज्यसभा में उठाएंगे। वहीं, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
उधर, सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि संगठन एक जनदबाव समूह के रूप में अपनी भूमिका निभाता रहेगा और देशभर में छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा।