इंदौर
इंदौर: खजराना गणेश मंदिर की दान पेटियां खुलीं, तीन दिन से नोटों की गिनती; 40 पेटियों की होगी गणना
खजराना गणेश मंदिर की 40 दान पेटियों में से 17 खोली जा चुकी हैं, जिनसे अब तक 72 लाख रुपये मिले हैं। दान की गिनती CCTV और वीडियोग्राफी की निगरानी में हो रही है।
इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में दान पेटियों से प्राप्त राशि की गिनती का काम लगातार तीसरे दिन जारी रहा। मंगलवार तक मंदिर की 40 दान पेटियों में से 17 पेटियां खोली जा चुकी थीं, जिनसे कुल 72 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई है। प्राप्त राशि को आधिकारिक रूप से बैंक खातों में जमा करा दिया गया है।
मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित अशोक भट्ट के अनुसार, मंदिर परिसर में कुल 40 दान पेटियां हैं और इन्हें करीब तीन से चार महीने के अंतराल में खोला जाता है। इस बार दान पेटियों से नकदी के अलावा सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामग्री भी प्राप्त हुई है।
शाम तक जारी हो सकता है नया आंकड़ा
बुधवार को भी दान पेटियों को खोलकर उनमें जमा राशि की गिनती की गई। दिनभर की गणना पूरी होने के बाद बुधवार को प्राप्त राशि का नया आधिकारिक आंकड़ा जारी किए जाने की संभावना है। बाकी दान पेटियों की गिनती पूरी होने में अभी कुछ दिन और लग सकते हैं।
CCTV और वीडियोग्राफी से निगरानी
दान राशि की गिनती में पारदर्शिता और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। गणना स्थल पर चार CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। दान पेटियों को लाने से लेकर उन्हें खोलने और नकदी की गिनती तक हर चरण की रिकॉर्डिंग की जा रही है।
मार्च में मिले थे 1.35 करोड़ रुपये
पंडित अशोक भट्ट ने बताया कि इससे पहले मार्च में दान पेटियां खोली गई थीं। उस दौरान करीब चार महीने में जमा हुई दान राशि से कुल 1 करोड़ 35 लाख रुपये प्राप्त हुए थे। यह राशि भी मंदिर के बैंक खाते में जमा करा दी गई थी।