झारखंड विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हुई झड़प के मामले में रांची पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने करीब 100 लोगों को नामजद करते हुए 500 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस वीडियो फुटेज, सीसीटीवी और सोशल मीडिया पर उपलब्ध तस्वीरों के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है। पुलिस के अनुसार, एफआईआर में सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और उपद्रव समेत अन्य आरोप लगाए गए हैं। जांच के दौरान और लोगों के नाम भी मामले में जोड़े जा सकते हैं। वहीं, छात्र संगठनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि वे अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे और पुलिस ने उन पर बल प्रयोग किया। दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। इस बीच अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने छात्रों के समर्थन में देशव्यापी प्रदर्शन का एलान किया है। संगठन के मुताबिक, झारखंड के छात्रों के मुद्दे को लेकर देशभर के 1,200 से अधिक विश्वविद्यालयों और सभी जिलों में प्रदर्शन किए जाएंगे। ABVP ने झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की CBI जांच कराने की मांग की है। संगठन ने सरकार से इस मामले में जल्द जांच का आदेश देने की मांग की है।