कांवड़ यात्रा को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर जिले में मंगलवार को स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। जिला प्रशासन के निर्देश के अनुसार नोएडा और ग्रेटर नोएडा समेत जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। कांवड़ यात्रा के कारण जिले में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि शासन के निर्देश के अनुसार मंगलवार को स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। इससे पहले सोमवार को कई निजी स्कूलों ने कांवड़ यात्रा को देखते हुए कक्षाएं ऑनलाइन मोड में संचालित कीं। अभिभावकों के अनुसार स्कूल प्रबंधन की ओर से ग्रुप के माध्यम से ऑनलाइन कक्षाओं की जानकारी दी गई थी। मंगलवार को गौतमबुद्ध नगर के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ कॉलेज तथा अन्य संबंधित शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। कांवड़ यात्रा समाप्त होने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार शैक्षणिक संस्थानों में नियमित कक्षाएं फिर शुरू होंगी।