अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए पांच और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। पार्टी की ओर से घोषित पांच उम्मीदवारों में से दो फिलहाल राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत जेल में बंद हैं। इसके साथ ही पार्टी अब तक कुल छह विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। पार्टी ने अमृतसर की अजनाला विधानसभा सीट से दलजीत सिंह कलसी और मोगा विधानसभा सीट से गुरमीत सिंह बुक्कनवाला को उम्मीदवार बनाया है। दोनों के खिलाफ NSA के तहत कार्रवाई हुई है और दोनों इस समय जेल में बंद हैं। इसके अलावा गिल विधानसभा सीट से दर्शन सिंह शिवालिक, कपूरथला से जगजीत सिंह बाबा जग्गा और कोटकपूरा से रछपाल सिंह को प्रत्याशी घोषित किया गया है। उम्मीदवारों के नामों का एलान अमृतसर में सांसद अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने किया। केहर सिंह के बेटे को भी दिया टिकट इससे पहले अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने बस्सी पठाना सीट से सतवंत सिंह को अपना पहला उम्मीदवार घोषित किया था। सतवंत सिंह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के मामले में आरोपी रहे केहर सिंह के बेटे हैं। इस मौके पर तरसेम सिंह ने कहा कि पार्टी उन परिवारों को प्राथमिकता दे रही है, जिन्होंने कौम के लिए कुछ करने का प्रयास किया है। जेल में रहते हुए चुनाव लड़ चुके हैं अमृतपाल सिंह अमृतपाल सिंह ने 2024 का लोकसभा चुनाव जेल में रहते हुए खडूर साहिब सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लड़ा था और जीत हासिल की थी। वह फिलहाल असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। जेल में होने के कारण वह संसद की कार्यवाही में शामिल नहीं हो सके हैं। पार्टी की ओर से कहा गया है कि अमृतपाल सिंह 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव भी जेल में रहते हुए लड़ेंगे। करीब चार महीने पहले अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने उन्हें विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया था। पार्टी से जुड़े नेता पंथक मुद्दों, सिख अधिकारों और युवाओं से जुड़े विषयों को चुनावी मुद्दा बनाने की बात कह रहे हैं। हालांकि, अभी तक पार्टी का राजनीतिक दल के तौर पर पंजीकरण नहीं हुआ है।