भोजपुरी और बॉलीवुड अभिनेता रवि किशन इन दिनों अपने इंटरव्यू और बयानों के कारण सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं। उनके वीडियो और अंदाज पर लगातार मीम्स बन रहे हैं। रवि किशन ने बताया कि उनकी पत्नी प्रीति शुक्ला भी उनकी इस वायरल लोकप्रियता पर मजेदार प्रतिक्रिया देती हैं। रवि किशन के मुताबिक, उनकी पत्नी ने मजाक में कहा कि जब भी वह घर से बाहर निकलते हैं, इंटरनेट पर वायरल हो जाते हैं। इसलिए उन्होंने बच्चों से उन्हें कमरे में बंद रखने की बात कही, ताकि वह बाहर न जा सकें और उनकी कोई नई हरकत वायरल न हो। अभिनेता ने उस दौर को भी याद किया जब वह एक साथ करीब 17 फिल्मों में काम कर रहे थे और लगातार कई शिफ्ट में शूटिंग करते थे। उनके मुताबिक, उस समय उनके अंदर घमंड आने लगा था। पत्नी को लगा कि उनका रवैया बदल रहा है, जिसके बाद उन्होंने उन्हें तीन महीने के लिए बिग बॉस में जाने के लिए प्रेरित किया। रवि किशन ने बताया कि इस अनुभव से उनका नजरिया बदला। रवि किशन ने 1993 में प्रीति शुक्ला से शादी की थी। दोनों के चार बच्चे हैं। करियर की बात करें तो वह जल्द ही 'मिर्जापुर: द मूवी' में नजर आने वाले हैं।