उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में भूस्खलन, सड़कें बंद होने और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की घटनाएं सामने आई हैं। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी विभागों और राहत एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के आदेश भी दिए गए हैं। मौसम विभाग ने देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग ने कई स्थानों पर तेज बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण पूरे प्रदेश में 85 सड़कें बंद हो गई हैं। इनमें चमोली की 20, पिथौरागढ़ की 13, बागेश्वर की 10, देहरादून की सात, नैनीताल की आठ, पौड़ी की पांच, रुद्रप्रयाग की छह, टिहरी की आठ और उत्तरकाशी की छह सड़कें शामिल हैं। सड़कों के बंद होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रुद्रप्रयाग जिले में बुधवार रात से हो रही लगातार बारिश के कारण अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदी के पास नहीं जाने की सलाह दी है। नगर पालिका और नगर पंचायतों की ओर से लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को लगातार चेतावनी दी जा रही है। अगस्त्यमुनि क्षेत्र में विजयनगर-तैला मोटर मार्ग पर भारी मात्रा में मलबा और बड़े पत्थर गिरने से यातायात बाधित हो गया है। यह मार्ग 80 से अधिक गांवों को जोड़ता है और इसके बंद होने से स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी ओर, यमुनोत्री हाईवे पर सिलाई बैंड के पास पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से दो कांवड़ यात्री बाल-बाल बच गए। घनसाली के घुत्तू क्षेत्र में भी भारी बारिश के चलते भूस्खलन हुआ, जिससे मुख्य बाजार में कई मकानों को नुकसान पहुंचा और एक कार मलबे में दब गई। प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। अधिकारियों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा नहीं करने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।